आस्ट्रेलिया में बुर्क़ा पहनने वाली महिलाओं और छात्राओं पर आक्रमण किये जा रहे हैं।
इर्ना की रिपोर्ट के अनुसार आस्ट्रेलिया में मेडिकल साइंस की कुछ मुसलमान छात्राओं पर मेलबोर्न में एक गुट ने आक्रमण किया। साथ ही बुर्क़ा पहनने वाली इन छात्राओं का मखौल भी उड़ाया गया। इसके अतिरिक्त सिडनी और न्यूकासेल में भी पिछले कुछ दिनों के दौरान मुसलमान महिलाओं को अपमानित किया गया। यह सबकुछ उस समय से आरंभ हुआ जबसे आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री ने बुर्क़े के प्रति अपना विरोध व्यक्त किया।
आस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री टोनी एबॉट, आस्ट्रेलिया में रहने वाली मुस्लिम औरतों के बुर्क़ा पहनने के पक्ष में नहीं हैं। बताया जा रहा है कि जबसे आतंकवाद के विरुद्ध गठित तथाकथित गठबंधन ने इराक़ और सीरिया में आक्रमण आरंभ किया है उसके बाद से आस्ट्रेलिया में बुर्क़ा पहनने वाली महिलाओं के अनादन में वृद्धि देखी जा रही है। आस्ट्रेलिया की संसद ने संसद सहित कई अन्य स्थलों पर बुर्क़ा पहन कर जाने पर प्रतिबंध लगा दिया है।
ऑस्ट्रेलियाई संसद में बुर्क़ा पहन कर जाने वाली महिलाओं को अब कांच के घेरे में ही बैठने की अनुमित होगी। यह नया नियम आस्ट्रेलिया की सरकार ने लागू किया है। रिपोर्ट के अनुसार नए नियम के अन्तर्गत अब से आस्ट्रेलियाई संसद की कार्यवाही को देखने आने वाली उन मुस्लिम महिलाओं को कांच के घेरे में बैठना होगा जो बुर्क़ा पहन कर संसदीय कार्यवाही में शामिल होने की इच्छुक होंगी।
बुधवार को आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री टोनी एबॉट ने कहा था कि वह मुस्लिम महिलाओं के बुर्क़ा पहनने के पक्ष में नहीं हैं। उन्होंने इच्छा जताई थी कि इसे ऑस्ट्रेलिया की संसद में न पहना जाए।
आस्ट्रेलिया के संसदीय सेवा विभाग के अनुसार सुरक्षा नीति की समीक्षा के दौरान यह निर्णय लिया गया है कि जो भी अपने चेहरे को ढककर हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स या सीनेट चैंबर्स की कार्यवाही देखना चाहता है उन्हें बंद गलियारों में बैठाया जाएगा।
3 अक्टूबर 2014 - 18:46
समाचार कोड: 642098
आस्ट्रेलिया में बुर्क़ा पहनने वाली महिलाओं और छात्राओं पर आक्रमण किये जा रहे हैं।